सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं पुनर्वास व्यवस्था को सुदृढ़ करने का दिया निर्देश
चतरा : उपायुक्त रवि आनंद ने आज पकरिया स्थित मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण योजना अंतर्गत संचालित बालिका गृह एवं बालक गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रय गृह में रह रही बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने गृह में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं रख-रखाव की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। इस क्रम में केंद्रीय पंजी एवं उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए उन्होंने केंद्रीय पंजी में बालिकाओं का फोटो, पता एवं अन्य आवश्यक विवरण अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मानसिक दिव्यांग बालिकाओं के घर-परिवार की पहचान कर उनके पुनर्वास हेतु अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही खेल-कूद सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता होने पर उसकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को दिया गया।
उपायुक्त ने बालिका गृह के प्रभारी एवं कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
वहीं बालक गृह के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु रवि, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय सिमरिया का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति पंजी एवं कार्यालय में कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। अनुपस्थित पाए गए कर्मियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।