LIVE PALAMU NEWS DESK : झारखंड में स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों में तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक के लगभग 600 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें नियमित एवं बैकलाग पद सम्मिलित हैं।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन पदों पर नियुक्ति के लिए ‘झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026’ नियमित एवं बैकलाग के लिए अलग-अलग विज्ञापन प्रकाशित कर ऑनलाइन आवेदन मांगे है।
इसके तहत ऑनलाइन आवेदन एक जून से 30 जून मध्य रात्रि तक किए जा सकेंगे। वहीं 5 जुलाई से 10 जुलाई मध्य रात्रि तक ऑनलाइन आवेदन में सुधार किया जा सकेगा। विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग योग्यता निर्धारित की गई है।
जिन पदों पर नियुक्ति की जानी है उनमें वेक्टर जनित रोग निरीक्षक, प्रयोगशाला सहायक, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, अंकेक्षक, गव्य तकनीकी पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक, कनीय वैज्ञानिक सहायक आदि पद शामिल हैं।