LIVE PALAMU NEWS DESK : रविवार देर रात जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित संकोसाई इलाके में एक नंबर रोड किनारे खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में दोनों बसें धू-धू कर जलने लगीं।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि दोनों बसें काफी देर से सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान एक बस से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।

लोग कुछ समझ पाते उससे पहले आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दूसरी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों बसों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

इधर घटना की सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों बसें पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *