लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : मंगलवार देर रात जिले के पाटन व पांकी में वन विभाग द्वारा लकड़ी तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गयी। इस संबंध में पलामू वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ल ने बताया कि उन्हें पाटन व पांकी में अवैध खैर की लकड़ी के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। जिसके आलोक में कुन्द्री वन प्रक्षेत्र के वन क्षेत्रीय पदाधिकारी संजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीम गठित की गई। तत्पश्चात तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी। डीएफओ ने बताया कि पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम भुड़वा-नावाडीह में 3 अप्रैल की रात्रि 11 बजे लकड़ी तस्करों द्वारा 35 टन अवैध खैर की लकड़ी छुपाकर परिवहन की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान वन विभाग की टीम को अपनी ओर आता देख अपराधी काष्ठों को छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर अपने वाहन से फरार हो गए। वहीं मौके से छिले हुए अवैध खैर के कई लॉट को बरामद किया गया।
जांच के क्रम में अभियुक्त संजय पासवान के घर से छिला हुआ खैर का छिलका भी बरामद किया गया। सभी काष्ठों को जब्त कर पाटन वन क्षेत्र कार्यालय में लाया गया। पूरी कार्रवाई में पाटन थाना प्रभारी गुलशन गौरव एवं वन विभाग के वनपाल तथा वनरक्षी मौजूद थें। वहीं दूसरी कार्रवाई पांकी के हरलौंग में की गई। जहां 4 अप्रैल की अहले सुबह 3 बजे कुन्द्री वन प्रक्षेत्र के वन क्षेत्रीय पदाधिकारी संजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में 78 पीस अवैध काष्ठों के जब्ती की कार्रवाई की गयी। मौके पर पांकी थाना प्रभारी रंजीत समेत वन विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थें।