लाइव पलामू न्यूज: शनिवार की दोपहर रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियातू के समीप भारतमाला परियोजना पर हुए फायरिंग कांड की जिम्मेवारी कुख्यात अमन साहू गिरोह के सदस्य मयंक सिंह ने ली है। मयंक ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए घटना को अपनी कार्रवाई बताते हुए परियोजना से जुड़ी कंपनी को चेतावनी भी दी।
मयंक सिंह ने लिखा, “बर्बरीक प्रोजेक्ट में घटित घटना मैंने करवाई है।कंपनी वालों को यह मेरी आखिरी चेतावनी है। आपको क्या लगता है, बिना मुझे मैनेज किए आप काम करके निकल पाएंगे?” आपने हमें इग्नोर किया, इसलिए आज आपके कान का पर्दा खोलने के लिए दिवाली मनाई है। अगली बार खून की होली खेलेंगे।”

उल्लेखनीय है कि शनिवार दोपहर अपराधियों ने गोला-चारु पथ पर पांच राउंड फायरिंग की थी। इस दौरान भारतमाला परियोजना में कार्यरत कर्मियों को काम बंद करने की चेतावनी दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।