लाइव पलामू न्यूज: एक बार फिर से झारखंड का मौसम करवट लेने वाली है। रविवार को राज्य के 21 जिलों में बारिश होने की संभावना है। केवल कोल्हान प्रमंडल के तीन जिले बारिश से अछूते रह सकते हैं। वहीं, सोमवार 30 दिसंबर को रांची समेत राज्य के दक्षिणी जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव हो रहा है। बारिश और बादलों के छंटने के बाद हवाओं का रुख झारखंड की ओर होने ठंड में बढ़ोतरी होगी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार रात रांची के साथ-साथ राज्य के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
जहां रांची का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, जबकि बोकारो का न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को झारखंड के 15 जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, दुमका, देवघर, गोड़्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रविवार को झारखंड में घने बादल छाए रहने और अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।