लाइव पलामू न्यूज : कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने गुरुवार को राज्यसभा में वक्फ बिल पर चर्चा के क्रम में बिल को असंवैधानिक करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार वक्फ की जमीनों को हड़पने हेतु प्रयासरत है। भाजपा के पास मुसलमानों की जमीन पर बात रखने के लिए लोकसभा में एक भी मुसलमान सांसद नहीं है। एक भी मुस्लिम महिला सांसद नहीं है।

उन्होंने कहा, वक्फ की जो जमीनें हैं उसे हमारे पुरखों ने डोनेट किया है। वहीं निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल ने वक्फ बिल को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यदि मेरे पास कुछ प्रॉपर्टी है और मैं उसको चैरिटी में देना चाहता हूं तो उसे कौन रोक सकता है। देश में जब वन नेशन वन लॉ होना है तो फिर यह कहना कि केवल मुसलमान ही वक्फ दे सकता है यह किस तरह से सही है।
प्रॉपर्टी मेरी, मालकियत मेरी.. फिर आप कौन होते हैं पूछने वाले कि दान में किसे देना है या नहीं देना है। इस बिल में यह प्रावधान रखा ही क्यों गया, ये अपने आप में सवाल है।
वहीं कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने वक्फ बिल को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बिल संविधान में दिये गये अधिकारों को छीनने की कोशिश है। यह कानून नहीं कानूनी भाषा में लिपटी हुई मनमानी है।