CRIME NEWS: बिहार की राजधानी पटना से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में आरजेडी नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार राय जैसे ही अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने की कोशिश में राजकुमार राय दौड़ते हुए पास के ही एक होटल के भीतर घुस गए।

पीछा करते हुए हमलावर वहां पहुंच गए और होटल के अंदर भी कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से राजकुमार बुरी तरह घायल हो गए। इतना ही नहीं गोलीबारी के दौरान एक गोली होटल के फ्रिज को भी चीरती हुई निकल गई, जिससे उसका शीशा टूट गया। गोलीबारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हालत में राजकुमार राय को तुरंत पीएमसीएच ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से 6 खोखे बरामद किए हैं। पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। राजकुमार राय की बहन शिला देवी ने बताया कि उनका भाई आगामी चुनाव में राघोपुर सीट से किस्मत आजमाने की तैयारी में जुटे थें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे शव के साथ सड़क पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है, जब पटना में इस तरह की हत्या हुई हो। हाल के महीनों में अपराध के कई मामले सामने आए हैं। जहां जुलाई 2025 में कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं रेत के कारोबारी रामकांत यादव और वकील जितेंद्र महतो की भी हत्या कर दी गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *