मेदिनीनगर : शुक्रवार को जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ गेरुआ गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मकान मालिक का बेटा भी शामिल है। मृतक पानी पीने के बाद दीवार की छांव में खड़े थें तभी अचानक मिट्टी की दीवार गिर गई। घटना में घर मालिक प्रदीप रजक का बेटा सतीश कुमार और मजदूर दुखी भुईयां मलबे में दब गए।

जिसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण एवं मजदूरों ने मिलकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला। इस घटना में दुखी भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थें। इलाज के लिए सतीश को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। पूरे मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है: ऋषिकेश दुबे, थाना प्रभारी, बिश्रामपुर
क्या है मामला :
दरअसल प्रदीप रजक नया घर बना रहे थें। इस कारण वह पुरानी खपरैल मकान को तोड़वा रहे थें। इसी क्रम में शुक्रवार को पुराने घर की छत से खपरै को उतारा गया। आधे घर से खपरा उतरने के बाद सतीश कुमार और मजदूर पानी पीने के लिए नीचे उतरे। पानी पीने के बाद दोनों दीवार की छांव में खड़े थें। तभी पुराने घर की दीवार गिर गई।