LIVE PALAMU NEWS DESK : बिहार में होनेवाले राज्यसभा चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी को मनाने के लिए RJD हर मुमकिन कोशिशें कर रही है। पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने महागठबंधन के समीकरणों को उलझा दिया है। संभावना है कि दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को राजद प्रत्याशी बनाया जाएगा। तेजस्वी यादव को लगा कि हिना शहाब के नाम पर ओवैसी की पार्टी AIMIM मान जाएगी।

लेकिन, AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकता हिना शहाब नहीं, बल्कि उच्च सदन में (राज्यसभा) अपनी पार्टी का खाता खोलना है। उन्होंने राजद और कांग्रेस से अपील की है कि वे AIMIM के उम्मीदवार को समर्थन दें।

पटना में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने पत्रकारों से कहा कि वर्तमान में राज्यसभा में AIMIM का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह ओवैसी बेबाकी से अपनी बात रखते हैं, वैसा हौसला महागठबंधन के किसी नेता में नहीं है। उनका कहना है कि वैचारिक समानता के आधार पर राजद को AIMIM प्रत्याशी का समर्थन करना चाहिए। जिससे विपक्ष की आवाज और अधिक प्रभावी हो पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *