गढ़वा : गुरुवार को उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम संजय कुमार ने सदर अस्पताल की दैनिक विधि व्यवस्था एवं परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, पुलिस निरीक्षक सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी, पुलिस उप निरीक्षक अविनाश कुमार, होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस विशेष निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विमर्श किया गया। पूर्व से कार्यरत गृह रक्षकों के संबंध में शिकायतें प्राप्त होने पर बीते सप्ताह ही सभी वर्तमान गृह रक्षकों को बदलने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में कल शुक्रवार से नौ नए गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।
एसडीएम द्वारा नव प्रतिनियुक्ति गृहरक्षकों एवं सुरक्षा से जुड़े सभी कर्मियों की ब्रीफिंग की गई। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि वे पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं स्थानीय शहर थाना के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें। गृह रक्षकों एवं अन्य सुरक्षाकर्मियों का रोस्टर तैयार कर उन्हें समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं ब्रीफिंग देते रहने को भी कहा गया। इस दौरान एसडीएम ने अस्पताल के अधिकांश वार्डों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।