लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के गिजना में बाबा खोण्हरनाथ महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचीन बाबा खोण्हरनाथ महादेव मंदिर परिसर में अराध्यदेव भगवान परशुराम जी की 17 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा पर्यटन,कला- संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने महादेव की पूजा-अर्चना की। साथ ही भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया।

मंत्री के साथ पलामू प्रमंडल के झामुमो के युवा नेता दीपक तिवारी ने हजारों ब्राह्मण परिवारों के साथ कार्यक्रम में शिरकत की। मंत्री के साथ प्राचीन महादेव का दर्शन किया, पूजा-अर्चना की तथा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों ब्राह्मण परिवारों का नेतृत्व करते हुए दीपक तिवारी ने मंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि पलामू प्रमंडल में अराध्यदेव भगवान परशुराम जी की मूल रूप में 17 फीट ऊंची पहली प्रतिमा स्थापित होना गर्व की बात है।

भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित होने से ब्राह्मण परिवारों के साथ -साथ समाज के अन्य वर्गों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने इसके लिए मंत्री के साथ -साथ वर्तमान सरकार के प्रति भी आभार प्रकट किया। साथ ही पलामू प्रमंडल के ब्राह्मण परिवारों ने भी मंत्री के प्रति कृतज्ञता जाहिर की।

तिवारी ने कहा कि पलामू प्रमंडल में ब्राह्मण परिवारों की बहुलता है। भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित होने से उन्हें सुविधा हुई है।  मंत्री एवं वर्तमान सरकार की सकारात्मक सोच का परिणाम है कि आज बाबा खोण्हरनाथ का नाम राज्य एवं देश के फलक पर पहुंचा है। बाबा खोण्हरनाथ प्राचीन महादेव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही यहां पर्यटकीय सुविधा का विस्तार भी हुआ है।

भविष्य में बाबा खोण्हरनाथ सहित पलामू प्रमंडल के अन्य मंदिरों का विकास होगा और वहां पर्यटकीय सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इससे आमजनों को स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा। वहीं मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कार्यक्रम के मुख्य मंच से पलामू एवं गढ़वा जिले से पधारे राष्ट्रीय परशुराम सेना युवा वाहिनी, ऋत्विक समाज, राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव, सर्व ब्राह्मण विकास समिति की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इनके प्रति एवं पलामू प्रमंडल के ब्राह्मण परिवारों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इनके ऊर्जावान युवा कार्यकर्तायों के प्रयास से विकास कार्यों में गति मिली है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *