लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: जिले के मझिआंव से गोलगप्पे में हार्पिक सहित अन्य जानलेवा केमिकल की मिलावट की बात सामने आई थी। जिसके बाद जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना मिंज सदल बल मझिआंव पहुंची और सैंपल कलेक्ट किया। मौके पर उन्होंने बताया कि गुपचुप (गोलगप्पे) बनाने वाले द्वारा जानलेवा केमिकल मिलाने की सूचना मिली थी।
जिसकी जांच करने पहुंची हूं। जहां से गोलगप्पे, गोलगप्पे में इस्तेमाल किए जाने वाली पानी एवं गोलगप्पे का पानी बनाने वाले केमिकल का सैंपल कलेक्ट किया गया है। कलेक्ट की हुई सैंपल को लैब में भेज कर जांच करवाई जाएगी। इसके बाद पता चल पाएगा कि गोलगप्पे में इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल या कुछ अन्य सामग्री है वह मनुष्य के शरीर के लिए कितना हानिकारक है। जिसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई किया जाएगा।
ज्ञातव्य हो कि बकरी बाजार स्थित एक व्यक्ति के घर में लगभग पिछले चार वर्षो से उत्तर प्रदेश झांसी के लोग रहकर गोलगप्पे का कारोबार कर रहे थे। इसी बीच उनके द्वारा पैर से आटा गूंथने का फोटो और वीडियो वायरल होने पर लोग उग्र हो गए थें।
इधर पुलिस को सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आकाश कुमार सदल बल पहुंचे और झांसी जिला के सेसा गांव निवासी अरविंद यादव एवं जालौन जिला के नूरपुर गांव निवासी सतीश कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए थाना ले गई थी। जिसके पश्चात दोनों गिरफ्तार लोगों को बॉन्ड भरवाकर देर रात दोनों को छोड़ दिया गया। जिसके बाद गोलगप्पे का कारोबार करने वाले सभी लोग रात में ही अपना बोरिया बिस्तर बांध फरार हो गए।
