लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। उक्त खेप उत्तर प्रदेश की ओर से लाई जा रही थी। जिसे पुलिस ने समय रहते जब्त कर लिया। दरअसल, रविवार की अहले सुबह करीब 3:00 बजे एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप गढ़वा लाई जा रही है। जिसके आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने लातदाग पेट्रोल पंप के पास नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक पुलिस को देखकर ट्रक को तेजी से भगाने लगा। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक का पीछा किया।
गोंदा के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ट्रक चालक वहां से फरार हो चुका था। वहीं ट्रक की जांच करने पर पाया गया कि ट्रक पलटने के कारण 250 पेटी विदेशी शराब नष्ट हो गई, जबकि शेष 450 पेटी शराब को पुलिस ने जप्त कर लिया।
