लाइव पलामू न्यूज/रांची: राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां विगत रात्रि हॉस्टल की छत से दो डॉक्टरों ने छलांग लगा दी। जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं दूसरे का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल के तीसरे तल से डॉक्टर आकाश और एक महिला डॉक्टर ने छलांग लगा दी। जहां डॉक्टर आकाश की मौत हो गई, जबकि महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गयी। बताते चलें कि आकाश पीजी सेकंड ईयर का छात्र था। फिलहाल बरियातू थाना मामले की जांच कर रही है।
इधर युवक के कूदने की सूचना पर हॉस्टल में मौजूद अन्य जूनियर डॉक्टर दोनों को लेकर इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।जहां डॉक्टर आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीपीआर दिया गया। इसके बाद उसे तीसरे तल स्थित क्रिटिकल केयर विभाग ले जाया गया। जहां कुछ देर इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। घायल महिला का इलाज जारी है। एमआरआई के बाद चिकित्सकों ने पल्लवी को खतरे से बाहर बताया है।
रिम्स के जूनियर डॉक्टरों के अनुसार, डॉ आकाश के साथ छलांग लगाने वाली युवती रिम्स के बाहर की हैं। सभी एक-दूसरे से युवती के बारे में जानकारी लेते रहे, लेकिन कोई भी सही जानकारी नहीं दे पाया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। घटना की सूचना पर रात 10:30 बजे जूनियर डॉक्टरों के बीच हलचल मच गई। सभी एक-एक कर रिम्स इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। डॉक्टर आकाश की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में चिकित्सा कर्मचारी इमरजेंसी के तीसरे तल में जुट गए। हालांकि जूनियर डॉक्टरों के अलावा, रिम्स के कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थें।
