लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्वीप के अंतर्गत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में मंगलवार को कैम्पस एम्बेसडर एवं कॉलेजों के नए मतदाताओं के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत वोटर हेल्पलाइन ऐप, सी-विजिल ऐप, सक्षम ऐप, डायल 1950 आदि के बारे में नए मतदाताओं को विस्तार से समझाया गया। इसके अलावा, नाम दर्ज कराने, नाम हटाने, सुधार करने एवं मतदाता पहचान पत्र स्थानांतरित करने हेतु विभिन्न फॉर्म की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में 11 कॉलेजों के 21 कैम्पस एम्बेसडर तथा अन्य कॉलेजों और संस्थानों के पहले बार मतदान करने वाले मतदाता भी उपस्थित थें। मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री जमुआर ने सभी कैम्पस एम्बेसडर और युवा मतदाताओं का स्वागत किया और उनसे मतदान दिवस पर निडर होकर मतदान करने के लिए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की।
वहीं स्वीप के नोडल अधिकारी प्रमेश कुशवाहा ने नैतिक मतदान एवं मतदाता जागरूकता विषय पर कैम्पस एम्बेसडर और नए मतदाताओं से विशेष संवाद किया और मतदान की अनिवार्यता पर परिचर्चा की। उन्होंने कहा कि मतदान से ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखी जा सकती है। कार्यक्रम में ईवीएम और वीवीपीएटी के बारे में जानकारी दी गई। सभी नए मतदाताओं को बिना किसी प्रलोभन और भय के नैतिक रूप से मतदान करने का आग्रह किया।
