लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विगत 24 नवंबर को तरहसी थाना क्षेत्र के पारपाइन में स्वास्थ्य सहिया अंजू देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंधविश्वास में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने स्वास्थ्य सहिया की हत्या के आरोप में सहिया के पड़ोसी चंदन कुमार और झाड़ फूंक करने वाली एक महिला मालती देवी को गिरफ्तार किया है‌। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि 24 नवंबर को पारपाइन में स्वास्थ्य सहिया अंजू देवी की लोहे के हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई थी।

पूरे मामले में कई तकनीकी बिंदु पर छानबीन करते हुए पुलिस ने चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं चंदन की निशानदेही पर झाड़ फूंक करने वाली महिला मालती देवी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, चंदन कुमार थरथराने की बीमारी से पीड़ित था। 30 एवं 31 अक्टूबर को चंदन कुमार लगातार दो दिनों तक दुर्घटना का शिकार हुआ था। वहीं उसकी गाड़ी से एक बकरी की भी मौत हो गई थी। बकरी की मौत का मुआवजा उसे भरना पड़ा। जिसके बाद चंदन झाड़ फूंक करने वाली एक महिला के पास गया। जहां मालती ने चंदन से कहा कि उसे अंजू के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है।

जिस पर चंदन ने अंजू देवी की हत्या की योजना तैयार की। उसने अंजू का गला दबा कर मारने का प्लान बनाया। गला दबाने के क्रम में अंजू की जेठानी की आहट हुई तो उसने पनसूल से उसका गला काट दिया और फरार हो गया। तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि चंदन ने अंधविश्वास में आकर मालती देवी के कहने पर हत्या की है। मालती देवी विगत चार वर्षों से झाड़फूंक का कार्य कर रही थी। चंदन की योजना थी कि गला दबाकर हत्या कर शव को कुआं में फेंकना है। लेकिन मृतका की जेठानी की आने की वजह से चंदन को शव वहीं छोड़ फरार होना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *