लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के सीरियाटोंगर गांव के पास एनएच 75 पर कन्टेनर पर लदे शराब की बड़ी खेप जब्त की है। वहीं 3 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गणपत लाल राजस्थान निवासी, पिंटू सैनी गुड़गाँव -हरियाणा निवासी, अमित कुमार -गुड़गाँव -हरियाणा निवासी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस को सूचना मिली थी की पंजाब के अम्बाला से अवैध शराब की एक बड़ी खेप झारखण्ड के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाली है। जिसके आलोक में बिहार पुलिस के अधिकारी ने गढ़वा एसपी दीपक पाण्डेय को यह सूचना साझा की। जिसके बाद रेस हुई पुलिस ने उत्तर प्रदेश-झारखण्ड के बॉर्डर पर सख्ती से जांच शुरू की।

इस दौरान यह सूचना मिली कि नगर उंटारी थाना क्षेत्र के सीरियाटोंगर गांव के समीप एनएच 75 पर सड़क से एक कन्टेनर जा रही है और उसे हरियाणा नंबर की कार स्कॉट कर रही है। सूचना के आधार पर नगर उंटारी थाना की पुलिस ने जब कन्टेनर को रोककर पूछताछ की तो पहले उसमें इलेक्ट्रॉनिक सामान होने की बात कहकर चालक ने बिल्टी दिखाई। लेकिन जब पुलिस ने कन्टेनर खुलवाया तो सभी देख भौंचक रह गए।

कन्टेनर शराब की बोतल और पेटीयों से पटी पड़ी थी। जिसके बाद पुलिस कन्टेनर सहित शराब को जब्त कर थाने ले आई और स्कॉट कर रहे गाड़ी को भी जब्त कर लिया। इस दौरान 3 शराब तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इस संबंध में एसपी दीपक पाण्डेय ने बताया कि बिहार पुलिस की इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कन्टेनर से भरी शराब की बड़ी खेप जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *