लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रौशन कुमार बक्शी को ₹50,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरअसल, एसीबी को शिकायत मिली थी कि प्रशासनिक अधिकारी रौशन कुमार बक्शी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। दरअसल, नेतरहाट आवासीय विद्यालय में प्रशासनिक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रौशन कुमार बक्सी के द्वारा स्कूल में दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति को पैसे के भुगतान के बदले रिश्वत के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। तंग आकर उसने इसकी शिकायत पलामू एसीबी के एसपी से की।
सूचना मिलने के बाद एसीबी की टीम ने एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर मामले का सत्यापन किया। जिसके बाद गुरुवार को पुलिस ने शिकायतकर्ता को पैसे देकर प्रशासनिक पदाधिकारी के पास भेजा। पदाधिकारी ने शिकायतकर्ता को अपने घर बुला लिया और उससे रिश्वत के पैसे लेने लगे। इसी दौरान निगरानी की टीम वहां पहुंची और रिश्वत लेते बक्शी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। एसीबी गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पलामू निकल गई है। 