मेदिनीनगर : जनगणना प्रक्रिया के तहत पलामू जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सभागार में विभिन्न पत्रकारों की मौजूदगी में ‘ऑनलाइन स्व-गणना’ पोर्टल के माध्यम से स्वयं का पंजीकरण कर अभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जनगणना प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित पत्रकारों ने भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना पंजीकरण किया। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने मोबाइल या लैपटॉप से se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं भी ऑनलाइन स्व-गणना अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक संचालित होगी। जिला प्रशासन ने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।