मेदिनीनगर : पांकी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां प्रसव कराने के नाम पर एक गर्भवती महिला से 10 हजार रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, पांकी प्रखंड के बालूडीह निवासी सुनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां सुनीता देवी की सास सुकनी देवी से प्रसव के नाम पर पैसे की मांग की गई। इस संबंध में सुकनी देवी ने केंद्र के चिकित्सा प्रभारी को लिखित शिकायत भी दी है।
मामले की सूचना सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए सामने आई, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग किया गया था। मामले को तुरंत संज्ञान लेते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने तुरंत पलामू डीसी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे राज्य के सभी डीसी को इस तरह की घटनाओं की जांच और ऑडिट कराने के निर्देश भी जारी किए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित एक्शन लिया। पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लेबर रूम में तैनात एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) को हटा दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लेबर रूम में तैनात तीन नर्सों को हटा दिया गया है। इनमें एक नियमित नर्स और दो स्वास्थ्य मिशन की नर्स शामिल हैं। सभी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। महेंद्र कुमार,
पांकी चिकित्सा प्रभारी