चतरा : ग्रीष्म ऋतु में संभावित पेयजल संकट के समाधान हेतु 24 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले “पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा” को लेकर उपायुक्त रवि आनंद ने आज सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, रोस्टर अनुसार शिविर संचालन एवं त्वरित समाधान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी 154 पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित किए जाएं और प्रत्येक पंचायत में पेयजल से जुड़ी समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी ग्रामीण को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
ग्राम सभा आधारित योजना चयन, जनभागीदारी पर जोर :
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सामान्य बैठकों के स्थान पर ग्राम सभा आयोजित कर प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित कर समस्याओं की पहचान एवं समाधान किया जाए।
खराब जलस्रोतों की पहचान व त्वरित मरम्मत का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकलों की सूची तैयार कर शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करें। साथ ही ऐसे क्षेत्रों की पहचान करें, जहां ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है, और वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वरीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय, फील्ड में सक्रियता अनिवार्य
उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी के साथ-साथ जिले के वरीय पदाधिकारी भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें। सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की निगरानी करेंगे।
रोस्टर के अनुसार प्रथम दिन इन पंचायतों में शिविर
पखवाड़ा के प्रथम दिन 24 अप्रैल को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
चतरा प्रखंड के लेम एवं जांगी, गिद्धौर के गिद्धौर, हंटरगंज के जोलडीहा एवं गेरुआ, प्रतापपुर के घोड़दौड़ एवं एघारा, कुंदा के कुंदा, लावालौंग के रिमी, सिमरिया के जीर्वाखुर्द एवं जांगी, इटखोरी के कोनी एवं परसौनी, मयूरहंड के कदगांवां कला, कान्हाचट्टी के बैंगोकला तथा टंडवा के राहम एवं मिश्रौल पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 1 (नगर परिषद चतरा) एवं वार्ड संख्या 2 (आश्रयगृह डोमसिटवा) में भी शिविर आयोजित कर आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मनोज मुंडारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी/कर्मीउपस्थित रहें।