LIVE PALAMU NEWS DESK : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को राज्य के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।