LIVE PALAMU NEWS DESK : बुधवार अहले सुबह करीब 4:30 बजे पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र स्थित घने जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों की मुठभेड़ हुई। जिसमें कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया है। बता दें कि मारे गए माओवादी पर एक लाख का इनाम घोषित था। उसकी पहचान इजराइल पूर्ति के रूप में हुई है। मौके पर से हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्रियां भी बरामद किया है।
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की तलाश तेजी से की जा रही है। बताया जा रहा है कि, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि जंगल में एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा का दस्ता सक्रिय है। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास के जंगलों को घेरकर सघन तलाशी शुरू की।
दो दिनों से चल रही कॉम्बिंग ऑपरेशन के तहत बुधवार को कोबरा 209 बटालियन के जवान टोंटो-गोइलकेरा के घने जंगलों में पहुंचे। इसी दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों को देखकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है और जंगल के अंदर गहन तलाशी अभियान जारी है।